लखनऊ: प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के साथ खेल के प्रति अटूट समर्पण का परिचय देते हुए, विधान परिषद सचिवालय के समीक्षा अधिकारी सौरभ ने लखनऊ का नाम विश्वपटल पर लिख दिया है। सौरव का चयन अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। प्रदेश स्तर पर हुए कड़े चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
उत्तर प्रदेश की टीम के चयन के लिए 24 और 25 अगस्त को अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, प्रयागराज में ट्रायल आयोजित किया गया था। इसमें प्रदेश के विभिन्न संभागों से करीब 150 बैडमिंटन खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले के बीच सौरव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और उत्तर प्रदेश की सिविल सर्विसेज बैडमिंटन टीम में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे।
लगातार बेहतर प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण के आधार पर सौरभ को उत्तर प्रदेश की टीम में शामिल किया गया है। अब वह अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन टूर्नामेंट में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से पूरे लखनऊ में खुशी का माहौल है।
सौरभ की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि उन्होंने विधान परिषद में समीक्षा अधिकारी के रूप में अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ खेल के प्रति अपने जुनून को भी कायम रखा। सरकारी सेवा की व्यस्त जिम्मेदारियों के बीच बैडमिंटन के लिए निरंतर अभ्यास और मेहनत करते हुए प्रदेश की टीम में जगह बनाना उनकी लगन और प्रतिभा को दर्शाता है।
सौरभ की इस उपलब्धि को न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि यह इस बात का भी उदाहरण है कि जिम्मेदारियों के साथ अपने जुनून और प्रतिभा को आगे बढ़ाते हुए नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं। उनके चयन से सहकर्मियों, शुभचिंतकों और लखनऊ के खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह है। अब देखना ये है कि सौरभ राष्ट्र स्तर पर क्या कीर्तिमान स्थापित करते हैं।